चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों को स्मार्ट फोन से लैस कर दिया गया। इसके साथ उन्हें विभाग की ओर से एप के माध्यम से विभागीय कार्यों को संपादित करके के लिए प्रशिक्षण दिया गया। जिले के 360 लेखपालों-राजस्वकर्मियों को स्मार्ट फोन दिया गया है।
राजस्व विभाग के अधिकांश कार्यों को ऑनलाइन कर दिया गया है। इसके चलते राजस्व कर्मी बगैर संसाधन के अपने कार्यो को पूरा करने के लिए साइबर कैफे या आफिस के कंप्यूटर का सहारा ले रहे हैं। पिछले काफी दिनों से लैपटाप मुहैया कराने के लिए लेखपाल मांग कर रहे थे। राजस्व परिषद ने कानूनगो व लेखपाल को स्मार्ट फोन दिया है। जिले के सभी तहसीलों में तैनात कुल 360 राजस्व कर्मियों को स्मार्ट फोन दिया गया है। प्रशिक्षक यशवंत ने राजस्व कर्मियों को फोन में डेटा अपलोडिंग, एप्लीकेशन डाउनलोड करने के तरीके बताए। साथ ही प्रोजेक्टर के माध्यम से उन्हें अन्य बारीकियों से अवगत कराया। वाराणसी के मंडलीय सांख्यिकी अधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि लेखपाल क्षेत्र में राजस्व से जुड़े कार्य को स्मार्ट फोन में मौजूद एप के माध्यम से आसानी से पूरा कर सकेंगे। इसके अलावा किसान फसल बीमा के सत्यापन का कार्य भी लेखपालों के लिए आसान हो जाएगा। इस दौरान तहसीलदार फूलचंद्र यादव, सुरेंद्र प्रताप सिंह, अमित त्रिपाठी मौजूद रहे।