पीडीडीयू नगर। विद्युत मजदूर संगठन के सदस्यों की बैठक बुधवार को गोधना मोड़ स्थित कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें 11 सूत्रीय मांगों को लेकर 29 दिसंबर को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करने और नौ जनवरी से 72 घंटे कार्य बहिष्कार करने की उर्जा निगम को जानकारी देने की बात बताई गई।
संगठन के अध्यक्ष दीप कुमार सिंह ने बताया कि विद्युत संविदा मजदूर संगठन व केंद्रीय कार्यकारिणी के निर्देश पर कर्मचारी आर-पार की लड़ाई का मन बना चुके हैं। प्रदेश के उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने यदि शीघ्र सीधे वेतन भुगतान का आदेश नहीं दिया तो कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर आंदोलन करेंगे। क्षेत्रीय महामंत्री मनोज कुमार पाल ने कहा कि टीजी-2 व कार्यालय सहायकों 42 सौ रुपये व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 26 सौ रुपये पे ग्रेड व राज्य सरकार के कर्मचारियों की तरह पेंशन दिया जाना चाहिए। प्रदेश सरकार यदि सात जनवरी तक इस संबंध में निर्णय नहीं लेती तो नौ जनवरी से 72 घंटे कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर प्रवीण कुमार सिंह, वेद प्रकाश राय, राजकुमार यादव, राहुल, उदयभान दूबे, रत्नेश, रामनवल, सुनील, कृष्ण अवतार मिश्रा, मुकेश, देवेंद्र मौजूद थे।