सैयदराजा। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने मंगलवार को कस्बा स्थित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने धान खरीदारी के बारे में क्रय केंद्र पर मौजूद किसानों से बातचीत की और क्रय रजिस्टर चेक किया। साथ रजिस्टर में दर्ज विक्रेता किसानों के मोबाइल नंबर पर बात कर उनसे बेचे गए धान और उसके बदले मिले धन की जानकारी भी ली।
विधायक ने क्रय केंद्र अधिकारी से धानों की खरीद के बारे में जानकारी प्राप्त की। क्रय केंद्र अधिकारी ने बताया की 139 किसानों से 13 हजार 450 कुंतल धान खरीदा जा चुका है। क्रय किए गए धान का खरीद मूल्य भी किसानों के खाते में भेज दिया गया है। बताया कि धान खरीदारी का लक्ष्य 28 फरवरी के पहले पूरा कर लिया जाएगा। किसानों ने विधायक को क्षेत्र में बने दो अन्य धान क्रय केंद्रों के बंद रहने की जानकारी दी। इसपर विधायक ने इस संबंध में जिलाधिकारी से बात कर क्रय केंद्रों को खुलवाने का आश्वासन दिया। अंत में उन्होंने धान क्रय केंद्र अधिकारी को मानक के अनुसार प्रतिदिन छह सौ कुंतल धान खरीदने का निर्देश दिया।
शहाबगंज। उप जिला अधिकारी दीप्तिदेव यादव ने मंगलवार को मसोई स्थित नेफेड धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को रजिस्ट्रेशन की रसीद (सिक्स-आर) न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
उप जिलाधिकारी ने किसानों की शिकायत पर केंद्र प्रभारी राजीव उपाध्याय को धान खरीद में सुधार लाने की हिदायत दी। ऐसा न किए जाने पर कार्रवाई की बात कही। कहा कि हर हाल में सभी किसानों का धान खरीदें। वितरण शाखा शहाबगंज के औचक निरीक्षण के दौरान कुल 83 किसानों से 9563 कुंतल धान खरीदे जाने व एक करोड़ 51 लाख 63 हजार 44 रुपये भुगतान की जानकारी मिली। साथ ही केंद्र प्रभारी ने 7439 कुंतल धान मिल को भेज दिए जाने की जानकारी दी। इस पर एसडीएम ने संतोष व्यक्त करते हुए प्रभारी को नंबर के आधार पर धान क्रय करने की हिदायत दी। इस दौरान विपणन शाखा प्रभारी भूपेंद्र प्रताप, सनी कुमार देव, जया, बृजेश कुमार उपस्थित थे।