चकिया। मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्था की ओर से वनवासी बच्चों को एक्सपोजर विजिट के जरिए गुरुवार को चकिया कोतवाली का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के लिए कोतवाली पहुंचे वनवासी बच्चों को एडीशनल एसपी विरेंद्र यादव ने पुलिस की कार्यप्रणाली समझाई।
संस्था की ओर से प्रीतपुर, वनभीषमपुर तथा ढोढ़नपुर के 36 बच्चों को एक्सपोजर भ्रमण पर कोतवाली लाया गया। यहां एएसपी ने बच्चों को बताया कि प्रत्येक थाने में बाल कल्याण अधिकारी की नियुक्ति की गई है, जो बच्चो से संबंधित मामलों का निराकरण करते हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या सुरक्षा से संबंधित सूचना पुलिस को 100 नंबर पर दी जा सकती है। इस नंबर पर फोन करने पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच जाती है। उन्होंने कहा कि 1098 नंबर बच्चों के लिए पुलिस की हेल्पलाइन है। इस पर सूचना प्राप्त होते ही बच्चों की मदद तत्काल की जाती है। उन्होंने बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली, प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रियाओं की जानकारी दी। इस दौरान एएसपी ने बच्चों के सवालों का उत्तर भी दिया। इस मौके पर कोतवाल अश्वनी चतुर्वेदी, एसआई देवेन्द्र साहू, संस्था के मुकेश कुमार, जूही श्रीवास्तव, बीरबल, सत्यप्रकाश, जितेन्द्र मौजूद रहे। संचालन प्रभात ने किया।