चकिया। कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर एक में पिता द्वारा बाइक न देने से नाराज युवक ने बुधवार की रात अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। इस बीच दीये से संपर्क हो जाने से आग लग गई। उसे बचाने का प्रयास करने में उसकी बड़ी बहन भी आग की चपेट में आ गई। आग से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन दोनों को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गए। जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने दोनों को वाराणसी के कबीरचौरा अस्पताल रेफर कर दिया।
वार्ड निवासी सफाई कर्मी अशोक सोनकर ने अपने पुत्र सूरज सोनकर (22) पुरानी बाइक खरीदी थी। बाइक को उसने ब्लॉक के एक कमरे में रख दिया था। दीपावली के दिन सूरज बाइक के लिए जिद करने लगा। इस पर पिता अशोक बाइक लाने ब्लॉक स्थित कमरे पर चला गया। पुत्र सूरज सोनकर ने सोचा कि उसके पिता उससे झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने बाइक खरीदी ही नहीं है। गुस्से में उसने अपने ऊपर बाइक में डालने के लिए लाकर रखा गया पेट्रोल छिड़क लिया। पेट्रोल डालते ही बगल में जल रहे दीपक से आग लग गई और सूरज लपटों से घिर गया। सूरज को जलता देख उसकी बहन पूजा सोनकर (24) उसे बचाने का प्रयास करने लगी। इस प्रयास में वह भी झुलस गई। किसी तरह आग बुझाकर परिजन दोनों को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गए।