मुगलसराय। वाराणसी से एक देश समान शिक्षा प्रणाली अभियान एवं आशा ट्रस्ट के तत्वावधान में निकाली गई समान शिक्षा अधिकार संदेश यात्रा रविवार को मुगलसराय पहुंची। जहां लोगों ने इसका स्वागत करते हुए बैनर पर हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दिया।
इस दौरान यात्रा के संयोजक दीन दयाल सिंह ने कहा कि देश में सभी को एक जैसी शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए चाहे वह राष्ट्रपति की संतान हो या फिर डीएम, किसान व मजदूर की। कहा कि अगर सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों, जन प्रतिनिधियों व न्यायाधीशों के बच्चे सरकारी विद्यालय में पढ़ने जाएंगे तो सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता में सुधार होगा। आशा ट्रस्ट के समन्वयक वल्लभाचार्य पाण्डेय ने कहा कि 6-14 वर्ष के सभी बच्चों को समान शिक्षा मिलनी चाहिए अर्थात कक्षा 1-8 के सभी बच्चों को एक जैसी समान शिक्षा मुफ्त और मातृ भाषा में मिलनी चाहिए। युवा सामाजिक कार्यकर्ता लाल बहादुर ने कहा कि सभी सरकारी स्कूलों में उच्च स्तर के संसाधन उपलब्ध कराए जाने चाहिए और सभी सांसद एवं विधायक अपनी निधि से अनिवार्य रूप से कम से कम 30 प्रतिशत धनराशि अपने क्षेत्र के सरकारी/ परिषदीय विद्यालयों के संसाधन को उच्च स्तरीय बनाने में व्यय करना चाहिए। यह यात्रा पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से होते हुए छह अप्रैल को वाराणसी लौट आएगी। इस अवसर पर सतीश, धर्मेंद्र, हौशिला, जितेंद्र, प्रदीप, रामफल, रोशन, अमृता, सोनू, अंजली, उपदेश कुमार, प्रभाकर सिंह, देवी दयाल सिंह, आजाद चौहान आदि लोग उपस्थित रहे ।