चंदौली। कार्यालयों में बैठकर ड्यूटी करने वाले अधिकारियों को अब सप्ताह में तीन दिन क्षेत्र का भ्रमण करना होगा। मुख्य विकास अधिकारी ने अन्य अधिकारियों को यह निर्देश जारी किया है। निर्देश यह भी है कि अधिकारी विशेष भ्रमण कार्यक्रम की आख्या और फोटोग्राफ उसी दिन शाम तक जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करा दें।
जिला प्रशासन ने लापरवाह अधिकारियों पर नकेल कसने की कवायद शुरू कर दी है। अब जनपद स्तरीय अधिकारियों को सप्ताह में तीन से चार दिन गांवों में समय देना होगा। अधिकारी गांवों में जाकर सरकारी योजनाओं के कियान्वयन को का हाल जानेंगे और लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे। और तो और ग्रामीणों संग बैठकर योजनाओं को लेकर उनकी राय भी जानेंगे। अधिकारी विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, शौचालय निर्माण योजना के प्रगति पर नजर रखेंगे। शासन की मंशा के अनुरूप कार्य हो सके इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी ने यह योजना बनाई है। इस बाबत सीडीओ डा. अभय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश के बाद यह कार्यक्रम तय किया गया है। विशेष निरीक्षण की रिपोर्ट और फोटो भी उसी दिन शाम तक उपलब्ध करानी होगी। अधिकारियों ने कितने गांवों का भ्रमण किया इसकी समीक्षा की भी जाएगी। कहा कि निर्देशों का अनुपालन नहीं करने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।।