सकलडीहा। विकास खंड के विशुनपुरा गांव के प्राथमिक विद्यालय में पिछले कई साल से बरसात के दिनों में जल जमाव के कारण बच्चों का आना जाना दूभर हो जाता है। इसके बाद भी प्रधानाध्यापक मौन साधे हुए है। यही नही पिछले कई दिनों से मिल डे मिल का संचालन बंद है। इससे शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की। जिला प्रशासन से समस्या से निजात दिलाने और प्रधानाध्यापक को हटाने की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक विद्यालय विद्यालय की व्यवस्था को लेकर गंभीर नही है। हर साल बरसात में स्कूल में पानी भर जाता है। प्रधानाध्यापक द्वारा हर बार मिट्टी पटवाने का आश्वासन कोरा ही रहता है। स्कूल में पिछले कई दिनों से मिल डे मिल बंद होने व दुर्व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही के खिलाफ पानी में खड़ा होकर नारेबाजी की। कहा कि व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी केके सिंह ने बताया कि शीघ्र ही विद्यालय की व्यवस्था ठीक कराई जाएगी।