चकिया/इलिया। मानसून पूर्व बरसात के अभाव से जूझ रहे धान के कटोरे के किसानों को गुरुवार को दोपहर बाद 10 मिनट की हुई मानसून पूर्व बरसात से उम्मीदें बढ़ी हैं। बारिश से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को भी राहत मिली है। पहाड़ी क्षेत्र में दस मिनट की बारिश से माहौल खुशनुमा हो गया।
गुरुवार को दोपहर बाद गर्मी के कारण उठी गर्म हवाओं के दबाव से 10 मिनट की बरसात से मानसून के सत्र में जल्द बरसात होने की उम्मीदे बढ़ गईं हैं। इससे किसानों ने राहत की सांस ली है। वहीं बरसात के कारण मौसम के खुशनुमा होने से गर्मी से जूझ रहे लोगों को भी राहत मिली है। मृगशिरा नक्षत्र में अक्सर मानसून पूर्व बरसात होती है। इसे मौसम तथा कृषि वैज्ञानिक अच्छी बरसात होने का लक्षण मानते हैं। गुरुवार के तीसरे पहर हुयी बरसात से मानसून जल्द आने की संभावना बढ़ गयी है। मौसम कृषि वैज्ञानिक डॉ. तारकेश्वर सिंह ने कहा कि मानसून पूर्व बरसात से ही मानसून में बरसात की गतिविधियों का आंकलन किया जाता है। मानसून पूर्व बरसात होने से किसानों को अच्छी बरसात की संभावना बढ़ी है। इलिया संवाददाता के अनुसार लगातार तेज धूप व भीषण गर्मी से गुरुवार को दोपहर में लोगों को थोड़ी राहत मिली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे दोपहर के बाद क्षेत्र में लगभग 15 मिनट झमाझम बारिश हुई। इससे लोगों को राहत मिली आषाढ़ माह की शुरूआत होने के बाद लोगों में बारिश होने की उम्मीद बढ़ गई है। वहीं भीषण गर्मी और उमस से लोगों को कुछ राहत मिली।