सकलडीहा। स्थानीय कस्बा निवासी शिव कुमार, उसकी पत्नी माया और भतीजा दीपक की सोमवार को चहनिया रामगढ़ मार्ग पर हसनपुर के समीप सड़क दुर्घटना में मौत के दूसरे दिन भी घर में कोहराम मचा रहा। सोमवार की देर रात तीनों शवों का बलुआ गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। शिव कुमार के छोटे भाई सनोज कुमार ने भैया भाभी और अपने जिगर के टूकडे दीपक के शव को मुखाग्नि दी। एक ही परिवार के तीन लोगों के शव एक साथ जलता देख लोगों का कलेजा फट गया । इसके पूर्व देर रात सकलडीहा एसडीएम राम संजीवन मौर्य और तहसीलदार नूपुर सिंह ने परिजनों को ढांढस बंधाया।
बगही गांव में चचेरे भाई रामअवध की बेटी खुशबू की रविवार को शादी रही। सोमवार को शादी के दूसरे दिन शिव कुमार बाइक से पत्नी माया और भतीजा दीपक को लेकर घर लौट रहा था। बलुआ थाना के हसनपुर गांव के समीप स्कॉर्पियों की टक्कर से तीनों की मौत हो गयी। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर डीएम के निर्देश पर एसडीएम और तहसीलदार कोतवाल लक्ष्मण पर्वत के साथ परिजनों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। पीएम के बाद देर रात करीब दो बजे छोटे भाई सनोज ने बेटा दीपक के साथ बड़े भाई शिव कुमार और भाभी माया को नम आंखों के साथ बलुआ घाट पर मुखाग्नि दी।
मेडिकल सुविधा देने की घोषणा की
सकलडीहा। कस्बा स्थित सुमन हेल्थ केयर डॉक्टर मनीष कुमार पांडेय ने कहा कि शोकाकुल परिवार को सभी मेडिकल सुविधाएं एवं बिटिया गुड़िया को इंटर तक पढ़ने तक जो भी खर्च होगा मेरे संस्था द्वारा वहन किया जाएगा।
दूसरे दिन भी गांव में पसरा रहा सन्नाटा, नही जले चूल्हे
सकलडीहा। कस्बा के अंबेडकर बस्ती में एक ही परिवार के तीन लेगों की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा रहा। यही नही कई घरों में चुल्हे तक नही जल पाया। सुबह से शाम तक संवेदना जताने वालों का तांता लगा रहा।