सकलडीहा। नीति आयोग द्वारा सीएचसी का चयन होने के बावजूद एक माह से सीएचसी में एक्सरे मशीन बंद पड़ी है। इस समस्या को लेकर शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीएचसी अधीक्षक का घेराव कर एक्सरे मशीन ठीक कराने की मांग की। चेताया कि शीघ्र समस्या का निदान नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मिलकर सीएमओ और अधीक्षक की शिकायत की जाएगी।
सीएमओ और सीएचसी अधीक्षक की लापरवाही से एक माह से एक्सरे मशीन बंद है जिससे मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। आयुष्मान योजना शुरू होने के बाद भी व्यवस्था शुरू नहीं हो पाई है। स्वास्थ्य विभाग के आलाधिकारी निरीक्षण के नाम पर खानापूर्ति कर लौट जा रहे हैं। इसे लेकर भाजपा नेता अमित सिंह और मंडल अध्यक्ष रामअधार गुप्त के नेतृत्व में कार्यकर्तायों ने सीएचसी अधीक्षक का घेराव कर डिजिटल एक्सरे मशीन चालू करवाने व आयुष्मान योजना के तहत लाभार्थियों को लाभ दिलाने की मांग की। इस दौरान नीरज सिंह, कमलेश यादव, पंकज सिंह आदि शामिल थे। वहीं सीएचसी अधीक्षक डा. आरबी शरण ने बताया कि एक्सरे मशीन का ट्यूब खराब होने की सूचना सीएमओ को दे दी गई है।