पीडीडीयू नगर। नक्सलियों के स्थापना दिवस मनाए जाने की घोषणा के बाद स्थानीय रेलवे जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार को रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने डाग स्क्वाड के साथ रेलवे परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। उन्होंने परिसर के चप्पे- चप्पे पर संदिग्ध यात्रियों व वस्तुओं की जांच की। आरपीएफ के अभियान से रेल यात्रियों में हड़कंप मचा रहा।
आरपीएफ के जवानों ने सभी आठ प्लेटफार्मों सहित यात्री प्रतीक्षालयों, बुकिंग व आरक्षण काउंटरों, सर्कुलेटिंग एरिया आदि में चेकिंग अभियान चलाया। गौरतलब है कि नक्सलियों ने पिछले गुरुवार से 27 सितंबर तक स्थापना दिवस मनाए जाने की घोषणा की है। इसके बाद रेल प्रशासन ने मंडल में अलर्ट जारी कर दिया है। रेलवे के उच्चाधिकारियों ने आरपीएफ को विशुष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ट्रनों के आगे पायलट इंजन चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। संभावना व्यक्त की जा रही है कि स्थापना दिवस मना रहे नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि बिहार व झारखंड से आने वाली ट्रेनों में भी जांच बढ़ा दी गई है। आरपीएफ के जवानों को यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरुक करने का निर्देश दिया गया है। माइक के द्वारा रेल यात्रियों को किसी भी विपरीत परिस्थिति में टोल फ्री नंबर 182 पर सूचित करने को कहा जा रहा है। इस नंबर पर फोन करने के बाद तत्काल सहायता पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। चेकिंग अभियान में आरपीएफ के अप पोस्ट प्रभारी बीएन मिश्रा, पीएनएस संजय, आरआर सहाय शामिल थे।