पड़ाव। नियामताबाद विकास खंड अंतर्गत जलीलपुर गांव में जल निगम की पानी टंकी से पिछले तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने रविवार की सुबह जल निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गड़बड़ी दूर कर पानी आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
जल निगम ने सूजाबाद में पानी टंकी स्थापित की थी। इस टंकी से इलाके के सूजाबाद, बहादुरपुर, मढ़िया, जलीलपुर, चौरहट, भोजपुर सहित एक दर्जन से अधिक गांवों में पानी आपूर्ति होती है। देख-रेख के अभाव में सूजाबाद पानी टंकी की स्थिति जर्जर है। तीन दिन पहले मोटर जलने से गांवों में पानी आपूर्ति ठप हो गई है। जलीलपुर गांव के लोगों ने इसकी शिकायत जल निगम के अधिकारियों से की लेकिन पानी आपूर्ति शुरू नहीं हुई। इससे नाराज होकर गांव के लोगों ने रविवार को गांव में बाल्टी सहित अन्य बर्तन लेकर जल निगम के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने बताया कि पानी आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को कुओं और हैंडपंपों पर आश्रित होना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में कुएं और हैंडपंप का पानी भी दूषित है। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मोटर की मरम्मत कर पानी आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में जल निगम के एक्सईएन एके शर्मा ने बताया कि मोटर जलने की शिकायत मिली है। उसे बदलने का निर्देश दिया गया है। जल्द ही मोटर बदल कर पानी आपूर्ति बहाल की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में राम अवतार, मनीष, गिरजा, काशीनाथ, किशन, श्याम जी, घासी, विरेन्द्र, कपूर शामिल रहे।