चंदौली। राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम ने भी पिछड़े जनपद के विकास में रुचि दिखाई है। गुरुवार को लखनऊ और वाराणसी से आए विभागीय अधिकारियों ने जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल और सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव से मुलाकात पर उन्हें शासन की मंशा और विभाग की कार्ययोजना से अवगत कराया। बताया कि सहकारी समितियां और सहकारिता से पंजीकृत संस्थाएं यदि कोई विकास परक कार्य करना चाहती हैं तो निगम की ओर से उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम के क्षेत्रीय निदेशक सुधांशु शर्मा ने बताया कि सरकार ने पिछड़े जनपद के विकास हेतु एनसीडीसी को भी जिम्मेदारी सौंपी है। कहा कि नीति आयोग की ओर से पिछड़े जनपदों में शामिल जिले में विकास हेतु विपणन, भंडारण, सहकारिताओं के माध्यम से आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं का वितरण से जुड़े कार्यों में सहायता प्रदान की जाएगी। टीम में जिला सहकारी बैंक वाराणसी के महाप्रबंधक हरीश दीक्षित, एआर कोआपरेटिव विजय अग्रवाल और महापरिषद के सदस्य धनंजय सिंह शामिल रहे।