दुलहीपुर (ब्यूरो)। मुगलसराय कोतवाली कूंडाकला पंप कैनाल के समीप दो दिन पहले गंगा में डूबे युवक का शव उतराया मिला। दो दिन पानी में रहने और मछलियों के काटने से शव क्षत विक्षत हो गया था। शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने किसी तरह युवक के शव को बाहर निकाला और पंचायतनामा के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
भिसौड़ी गांव के दलित बस्ती निवासी स्वर्गीय रामजियावन का बेटा प्रदीप कुमार (24) हाईस्कूल के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। बताया जा रहा है कि वह मंद बुद्धि के चलते परेशान रहता था। दो भाइयों में बड़ा प्रदीप बकरियां चराता था। छोटा भाई पप्पू भी मेहनत मजदूरी का काम करता है। शुक्रवार की शाम किसी बात से नाराज होकर प्रदीप घर से निकल गया। वह कूंडा पंप कैनाल पहुंचा और गंगा नदी में छलांग लगा दी। युवक के गंगा में कूदने की खबर मिली तो परिवार के लोग अवाक रह गए और खोजबीन शुरू की। शनिवार को दिन भर युवक की तलाश की गई लेकिन पता नहीं चला। रविवार की सुबह कूंडा पंप कैनाल से एक किलोमीटर दूर गांव के लोग गए तो तट पर युवक का क्षत विक्षत शव देख कर शोर मचाया। सूचना पाकर परिवार के लोग भी पहुंच गए और युवक की पहचान की। परिवार में मातम छा गया। युवक के शव को क्षत विक्षत देकर गांव वालों ने पोस्टमार्टम न कराने का फैसला किया। ग्रामीणों ने पंचायतनामा के बाद परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।