सोमवार की सुबह जिले में करीब तीन घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। खेतों में हर तरफ जल ही जल दिख रहा था। यहां तक कि पानी भरने से धान की रोपाई का कार्य बाधित हो गया। बारिश से पंद्रह कच्चे मकान गिरे, जिसमें दो लोग घायल हो गए। वहीं शहरी इलाकों में सड़कों और गलियों में कीचड़ और फिसलन बढ़ने से आवागमन में लोगों को दिक्कत हुई।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में सोमवार को करीब 30 मिमी बरसात हुई है। तीन घंटे तक हुई बारिश के दौरान लोग अपने घरों में रहे। वहीं जरूरी कार्य से घर से लोग छाता लेकर और रेनकोट पहन कर निकले। शहरी इलाकों में बारिश से सड़कों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली। नगर के जीटी रोड सहित गलियों में भी पानी भर गया। मुगलसराय के वार्ड नंबर एक अलीनगर में बरसात से बारह कच्चे मकान ढह गए। इसी प्रकार वार्ड नंबर छह बिछड़ी में भी एक मकान ढह गया। कमोवेश यही स्थिति चकिया, बबुरी, सैयदराजा, कमालपुर, धीना, चहनियां, टांडाकला, दुलहीपुर, पड़ाव, नियायताबाद, नौगढ़ समेत जिले के सभी इलाकों में देखने को मिली। धानापुर क्षेत्र में बारिश से कई जगहों पर जलभराव हो गया है। क्षेत्र के विझवल गांव में कच्चे मकान का बारजा गिरने से एक महिला घायल हो गई।
मुगलसराय क्षेत्र के कूढ़े खुर्द गांव में केशा यादव का कच्चा घर भारी बारिश से ढह गया। बारिश से जिले के ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति भी चरमरा गई है।