चंदौली। मतदान के दिन मतदाताओं को बूथों तक लाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर से जिला स्तर तक कर्मचारियों, अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जा रहा है। अधिक से अधिक लोग मतदान केंद्रों पर पहुंच अपना मतदान करें, इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मतदान केंद्रों पर 19 मई को शतप्रतिशत मतदान हो इसमें जिला प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता।
जिला प्रशासन पिछले चुनावों की तुलना में जिले का मतदान प्रतिशत बढ़ाने जकी कोशिश में जुटा है। विधानसभा चुनाव 2017 में जिले का मतदान प्रतिशत करीब 62 फीसदी था। लोस चुनाव में इसे बढ़ाने की कवायद की जा रही है। निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप मोबाइल वैन गांव-गांव व कस्बों में भ्रमणकर लोगों को मताधिकार का प्रयोग करने को जागरूक कर रही है। मतदाताओं के सवालों का जवाब देकर उनकी जिज्ञासा भी शांत की जा रही है। स्वीप के तहत भी सार्वजनिक स्थलों, स्कूल, कालेजों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने मतदान प्रतिशत में इजाफा को गांव स्तर के जनप्रतिनिधियों की मदद लेने की योजना बनाई है। इसमें ग्राम प्रधानों प्रमुख है। उनके जरिए गांवों में मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा। स्वीप प्रभारी रविंद्र प्रताप यादव ने बताया मतदाताओं को जागरूक करने को ग्राम पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों की मदद ली जा रही है, ताकि पिछले चुनावों की तुलना में मतदान प्रतिशत को बढ़ाया जा सके।