कंदवा। बरहनी विकास खंड के जमुड़ा गांव को सैयदराजा-चिल्हारी मार्ग से जोड़ने वाला संपर्क पूरी तरह जर्जर हो गया है। मार्ग की गिट्टियों उखड़ चुकी है और जगह जगह गड्ढे बने हुए हैं। मार्ग पर बने गड्ढों के चलते ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उखड़ी गिट्टियों और गड्ढों के चलते आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने कई बार विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री बनते ही प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की घोषणा की थी। सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की मुख्यमंत्री की घोषणा जमुड़ा गांव के लोगों के लिए हवा हवाई साबित हो रही है । जमुड़ा गांव को सैयदराजा-चिल्हारी मार्ग से जोड़ने के लिए वर्षों पूर्व दो किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग का निर्माण कराया गया था , लेकिन मरम्मत और रखरखाव के अभाव में मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। इस मार्ग पर बिछाई गई तारकोल युक्त गिट्टियों का कहीं अता-पता नहीं है। आलम यह है कि मार्ग पर बिखरी बड़ी बड़ी गिट्टियों और गड्ढो के चलते इस मार्ग पर लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। लोग इन गिट्टियों और गड्ढों के चलते गिरकर अक्सर चोटिल होते रहते हैं। यह मार्ग कई गांवों को सैयदराजा चिल्हारी मुख्य सड़क से मार्ग से जुड़ने का मुख्य मार्ग है। ग्राम प्रधान रेनू सिंाह, मनीष सिंह, अभिषेक सिंह, शिवा मिश्रा, अनिल सिंह, प्रहलाद राम, रामचंद्र सिंह, राजेश सिंह, सुशील तिवारी, सीताराम सिंह, पंकज सिंह आदि का कहना है कि मुख्यमंत्री का सड़कों को गड्ढामुक्त करने का आदेश हमारे गांव की सड़क के मामले में हवा हवाई साबित हो रहा है। मार्ग पर वाहन तो दूर पैदल चलना भी दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मार्ग की मरम्मत नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।