कंदवा। अमड़ा गांव स्थित राजकीय पशु अस्पताल में व्याप्त भ्रष्टाचार की खबर अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी ने जांच शुरू करा दी है। डीएम के निर्देश पर शुक्रवार की देर शाम उप मुख्य जिला पशु चिकित्साधिकारी डॉ. महेश गुप्ता अचानक राजकीय पशु अस्पताल अमड़ा पहुंचे और बिजली न रहने पर मोमबत्ती जला कर अस्पताल के अभिलेखों की जांच पड़ताल की। जांच के बाद उन्होंने अपनी रिपोर्ट मुख्य जिला पशु चिकित्साधिकारी को सौंपने की बात कही।
पिछले माह 12 नवंबर को अमर उजाला ने अमड़ा राजकीय पशु अस्पताल में व्याप्त भ्रष्टाचार व दुर्व्यवस्थओं को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य जिला पशु चिकित्साधिकारी से तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर पशु अस्पताल की जांच का निर्देश दिया था। शुक्रवार की देर शाम पहुंचे उप मुख्य जिला पशु चिकित्साधिकारी ने देर रात तक जांच पड़ताल की। जांच के दौरान डॉ. के लाल, डॉ. पंकज, अरविंद कुमार, पृथ्वी सिंह मौजूद रहे।