स्टेशन पर सफाई कर स्वच्छता का संदेश
स्वच्छता पखवारा के तहत एनसीसी कैडेट्स का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
सचित्र-06
पीडीडीयू नगर। एनसीसी 91 यूपी बटालियन की ओर से स्वच्छता पखवाड़ा के तहत कैडेट्स ने नगर स्थित बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर साफ सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कैडेटों ने लोगों से कूड़े के कूडेदान में डालने की अपील की वहीं दुकानदरों से दुकान के सामने कूड़ेदान रखने का आग्रह किया।
शनिवार को 11 बजे के करीब कैडेट नगर पालिका इंटर कॉलेज परिसर स्थित एनसीसी प्रांगण से हाथों में झाड़ू लेकर कैडेट्स निकले और बस स्टैंड पर पहुंचे। इसके बाद कैडेट दुकानों के समक्ष पहुंचे और दुकानदारों से दुकान के समक्ष कचरे का डिब्बा रखने की अपील की। एक घंटे तक चले अभियान के बाद कैडेट रेलवे स्टेशन पहुंचे। कैडेटों ने सर्कुलेटिंग एरिया में स्टेट बैंक की शाखा के सामने झाड़ू लगाया। इसके बाद प्लेटफॉर्म पर जाने कहे रास्ते पर लगे मकड़े के जाले को हटाया। इसके पूर्व गोष्ठी में कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि नगर पालिका व रेलवे सार्वजनिक स्थलों से कूड़ा-कचरा हटाकर उन्हें साफ-सुथरा रखने की पूरी कोशिश करती है, लेकिन जबतक लोग जागरूक नहीं होंगे, सफाई नहीं होगी। इस मौके पर मेजर अमरेन्द्र सिंह, लेफ्टिनेंट अशोक त्रिपाठी, सूबेदार नित्यानंद सिंह, सूबेदार केसर सिंह उपस्थित रहे।