पीडीडीयू नगर। अलीनगर वार्ड नंबर 16 में नगर पालिका द्वारा सामूहिक शौचालय के निर्माण के लिए पहुंचे तहसीलदार व नपा परिषद के ईओ को वार्डवासियों के विरोध व हंगामे के कारण कार्य रोकना पड़ा। सूचना पर पहुंचे राजस्व कर्मियों ने भी शौचालय के जमीन की पैमाइश करनी चाही लेकिन वार्डवासियों के विरोध के कारण वे भी वापस लौट आए।
नगर के वार्ड नंबर 16, यादव बस्ती के समीप आबादी की जमीन पर मंदिर के साथ ही यहां के युवाओं के लिए खेल मैदान बना हुआ है। इसके अलावा इस जमीन पर शादी विवाह व अन्य सामूहिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। इस जमीन पर नगर पालिका द्वारा सामूहिक शौचालय बनवाने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया है। गुरुवार को चयनित भूमि का निरीक्षण करने तहसीलदार लालता प्रसाद व नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी रोली गुप्ता पहुंची। इसकी भनक लगते ही वार्ड वासी वहां पहुंचकर विरोध करने लगे। उनका कहना था कि यह जमीन आबादी की जमीन है जिस पर सामुदायिक भवन भी बना है। वार्ड के लोग यहां पूजा पाठ व कराह पूजा कराते हैं। इस जमीन पर किसी भी कीमत पर शौचालय नहीं बनने दिया जाएगा। विरोध करने वालों में सोनू चौहान,बीडी यादव, सुरेंद्र यादव, भोला यादव, भाई लाल, विकास यादव, मुकुंद, छन्नी यादव, सरिता, सुनीता, गीता, दुर्गावती, मंजू, सुमित आदि शामिल थे।