चंदौली। क्षेत्र के जसुरी गांव में डीएम के नाम से अभिलेख मे दर्ज जमीन से शुक्रवार को कब्जा हटाने पहुंचे तहसील के अधिकारी कबीर मठ के महंत के विरोध के चलते वापस लौटना पड़ा। प्रशासनिक अधिकारी अधूरी कार्रवाई कर लौट आए लेकिन मौके पर पहुंचे सदर एसडीएम अभिषेक गोयल ने विरोध करने वालों की कड़ी चेतावनी दी है। हिदायत दी कि शनिवार को जमीन पर खड़ी फसल को हारवेस्टर से कटवाकर जब्त कर लिया जाएगा। जमीन पर जबरिया कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र के जसूरी गांव में कबीर मठ की छह हेक्टेयर भूमि सरकारी अभिलेखों में जिलाधिकारी के नाम से दर्ज है। लेकिन जिला प्रशासन की लापरवाही के चलते उक्त भूमि पर कुछ लोगों द्वारा पिछले कई वर्षों से कब्जा बरकरार है। यहां तक कि इस जमीन किसानों को खेती करने के लिए गिरवी रख दी है। मामला संज्ञान में आने पर तहसील प्रशासन भूमि को कब्जा मुक्त कराने पहुंचा था। लेकिन राजनीतिक दवाब व ग्रामीणों के विरोध के चलते महकमा बैरंग वापस लौट आया। वहीं किसानों ने भूमि के कुछ हिस्से में धान की फसल काटकर सब्जी की खेती कर दी। इसको लेकर अधिकारियों में खलबली मंच गई। तहसील प्रशासन की ओर से शुक्रवार को मजदूरों को लगाकर धान की फसल की कटाई का कार्य शुरू कराया गया था। लेकिन ग्रामीण व कबीर मठ के महंत इसको लेकर विरोध जताने लगे। इसको देख मजदूर वहां से भाग खड़े हुए। सूचना के बाद एसडीएम पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से मजदूर उपलब्ध कराने के लिए सहयोग मांगा। लेकिन ग्राम प्रधान समेत ग्रामीणों ने असमर्थता जाहिर कर दी। एसडीएम ने महंत को मौके पर बुलाकर कड़ी चेतावनी दी। कहा कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने अथवा असहयोग करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हार्वेस्टर लगाकर फसल की कटाई कराने के बाद अनाज बेचकर धनराशि तहसील के नजारत में जमा कराई जाएगी।