चंदौली। एनसीएसी के मुख्य कमांडेंट प्रबीर बारिक ने शनिवार को पालीटेक्निक कालेज में एनसीसी की कक्षाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानाचार्य एमपी सिंह से छात्र सैनिकों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। साथ छात्र सैनिकों को देश सेवा की भावना और अनुशासन में रहने का पाठ पढ़ाया। इसके पूर्व उन्होंने कालेज परिसर में पौधरोपण करने के बाद छात्रों द्वारा स्वच्छता से संबंधित बनाई गई पेटिंग का भी निरीक्षण किया।
छात्र सैनिकों को संबोधित करते हुए प्रबीर बारिक ने कहा सैनिकों में अनुशासन, देश सेवा और कर्तव्य के प्रति सजगता होनी चाहिए। ऐसे में पढ़ाई के साथ एनसीसी का कोर्स करने वाले छात्रों के उपर दोहरी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने छात्र और छात्राओं से सवाल पूछकर उनकी शैक्षिक गुणवत्ता को भी परखा। इसके पूर्व उन्होंने छात्रों को एसएलआर की तकनीकी और उसके मारक क्षमता के बारे में भी बताया। इस दौरान प्रधानाचार्य एमपी सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल पुरुषोत्तम सिंह, सूबेदार मेजर दीपेंद्र आले, सूबेदार केशर सिंह, सूबेदार नित्यानंद, हवलदार धर्मेंद्र सिंह, लेफ्टिनेंट रामभवन मौजूद रहे।