चंदौली। मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार कर रहे वित्त विहीन शिक्षकों को बुधवार को पुलिस ने मूल्यांकन केंद्र परिसर से बाहर कर दिया। महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज परिसर में धरना दे रहे शिक्षकों को पुलिस ने बाहर निकाला इसके बाद शिक्षक मुख्य गेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए। शिक्षकों ने उपनियंत्रक पर अयोग्य परीक्षकों की नियुक्ति करने का आरोप लगाया। साथ ही मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की भी चेतावनी दी।
वित्तविहीन शिक्षक यूपी बोर्ड परीक्षा कापियों के मूल्यांकन का बहिष्कार 17 मार्च से ही कर रहे हैं। शिक्षक मूल्यांकन के बकाए पारिश्रमिक के भुगतान, सीबीएसई की तर्ज पर पारिश्रमिक बढ़ाने, सेवा नियमावली बनाने, पुरानी पेंशन बहाली सहित सात सूत्री मांगों को पूरा कराने पर अड़े हैं। धरना देने वालों में डा. ओमप्रकाश चौबे, संजय सिंह, विनीता सिंह, रामायण, रामअवतार, संतोष सिंह, अनिरुद्ध पांडेय, विनय आदि मौजूद रहे।
चकिया संवाददाता के अनुसार मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार रहे वित्तविहीन शिक्षकों ने बुधवार को आदित्य नारायण राजकीय इण्टर कालेज में बने मूलयांकन केंद्र के बाहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पुतला फूंका। शिक्षक मानदेय देने सहित कई मांगों को पूरा कराने पर अड़े हैं। इस मौके पर माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता, श्रीप्रकाश, शेषनाथ सिंह, विजय बहादुर सिंह, मुहम्मद असलम, दिलीप कुमार, स्वतंत्र कुमार सिंह, दशरथ यादव, रामसूरत सिंह, मौजूद थे।
इधर, मुगलसराय में भी शिक्षकों ने विरोध प्रदर्शन किया। मांगों के समर्थन में शिक्षकों ने बुधवार को भी मूल्यांकन का बहिष्कार किया। चेताया कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर नीलम सिंह, प्रमोद कुमार, ब्रहमानंद, अभिषेक कुमार, संजय सिंह, नीरज और विनय शामिल थे।