चंदौली। शून्य निवेश नवाचार कार्यक्रम के तहत रविवार को सदर बीआरसी परिसर में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें परिषदीय विद्यालयों के चयनित शिक्षकों को अरविंद सोसाइटी की ओर से नवाचार के माध्यम से बेहतर करने की जानकारी दी गई। बताया गया कि जो शिक्षक परंपरागत शिक्षा के अतिरिक्त शिक्षा के अनूठे तरीकों का प्रयोग करते हैं उनके लिए 22 जनवरी को वाराणसी में मंडलीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है।
कार्यशाला में प्रशिक्षकों ने प्रदर्शनी से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी। बताया कि प्रदर्शनी में तीन तरह के प्रतिभागी होंगे। वो शिक्षक जिन्होंने कोई नया नवाचार लागू किया हो, वो विद्यालय जिन्होंने नवाचार पुस्तिका में से कम से कम एक नवाचार क्रियान्वित किया हो या ऐसे विद्यालय जिन्होंने नवाचार पुस्तिका में से एक से अधिक नवाचार क्रियान्वित किया हो। बताया कि बच्चों में पठन-पाठन को लेकर रुचि पैदा करने के लिए कई शिक्षक कुछ न कुछ अलग करते हैं। लेकिन ऐसे शिक्षकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच नहीं मिल पाता है। इस अवसर पर शशांक श्रीवास्तव, शिप्रा महाजन, अशोक सिंह आदि उपस्थित रहे।