मुगलसराय। स्वच्छता अभियान के तहत रविवार को जगह जगह स्वच्छता अभियान चलाया गया। पूर्व मध्य रेलवे मुगलसराय मंडल के प्रबंधक किशोर कुमार के नेतृत्व में रेलवे के अधिकारियों ने सर्कुलेटिंग एरिया में साफ सफाई की। इसी तरह भाजपाइयों ने जगह जगह अभियान चलाकर साफ सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
डीआरएम किशोर कुमार विभागीय अधिकारियों के साथ रविवार की सुबह रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। यहां प्रजापति ब्रह्म कुमारी ईश्वरी विश्वविद्यालय के अलावा विभिन्न संगठनों के सदस्यों के साथ डीआरएम ने झाड़ूूूू लगाया। डीआरएम ने स्वयं सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित प्रसाधन केंद्र की भी साफ सफाई की। इस दौरान उन्होंने कहा कि रेलवे में स्वच्छता पर विशेष बल दिया जा रहा है। कहा कि स्वच्छ रेल स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है। आम लोगों को भी इसमें सहभागिता करने की आवश्यकता है। भाजपा नेताओं ने नगर के काली महाल महाल और रविनगर में साफ सफाई की। इस दौरान लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस मौके पर हुई गोष्ठी में पार्टी की नीतियों और पंडित दीन दयाल उपाध्याय के सिद्धांतों पर चर्चा की गई। युवाओं से आह्वान किया गया कि वे प्रतिदिन अपने इलाकों में साफ सफाई करें ताकि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत का मिशन पूरा हो सके। कहा कि जब तक आम लोग इसमें सहभागी नहीं बनेंगे भारत स्वच्छ नहीं हो सकता। इस मौके पर जितेन्द्र गुप्ता, मनीष गुप्ता , उषा सैनी, सत्यपाल गुप्ता (वार्ड महामंत्री), संदीप गुप्ता, भोला गुप्ता, विशाल तिवारी, ड़ॉ. प्रमोद कुमार, जितेन्द्र मिश्रा, दीना जायसवाल आदि रहे।