सकलडीहा(ब्यूरो)। स्थानीय कोतवाली के ईटवा गांव में अपने ही भाई की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपित सेना जवान के घर पर पुलिस ने न्यायालय के निर्देश पर सोमवार को कुर्की का नोटिस चस्पा किया। जबकि इसी मामले में मृतक के पिता व एक अन्य भाई हत्या के आरोप में जेल में निरूद्ध है ।
पुलिस के अनुसार 18 नवंबर 2016 को सकलडीहा कस्बा निवासी गौतम गुप्ता की हत्या कर फेका हुआ शव मिर्जापुर के जंगल में मिला था। जबकि दो दिन पूर्व ही गौतम की गुमशुदगी की रिपोर्ट पिता रामानंद ने सकलडीहा कोतवाली में दर्ज कराई थी। शव मिलने बाद मिर्जापुर पुलिस शव की शिनाख्त के लिए सकलडीहा कोतवाली पहुंची लेकिन उस दौरान परिवार वालों ने उससे पहचानने से इंकार कर दिया। काफी छानबीन के बाद पुलिस ने हत्या के मामले में पिता रामानंद गुप्त एवं मृतक के दो सगे भाई दिग्विजय एवं ऋषिकांत गुप्त को आरोपी बनाया। इसके बाद पुलिस ने पिता रामानंद गुप्त एवं भाई दिग्विजय गुप्त को पकड़कर जेल भेज दिया लेकिन ऋषिकांत हत्या के बाद से फरार चल रहा है। न्यायालय के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के घर मंगलवार को कुर्की की नोटिस चस्पा की। इस बाबत कोतवाल भैया छविनाथ सिंह ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर कुर्की की नोटिस चस्पा की गयी है। नियत तिथि के उपरांत घर की कुर्की की जाएगी।