चंदौली। जिले में रोजगार सृजन के क्षेत्र में बेहतर कार्य हुआ है। विभिन्न बैंक शाखाओं की ओर से रोजगार के लिए आवेदन करने वाले युवा, उद्यमी, किसानों और रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 14 हजार लोगों को ऋण आवंटित किया है। इसमें कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षण लेने वाले युवा भी शामिल हैं। अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक पीके झा के दावों के अनुसार करीब पांच हजार और लोगों को बहुत जल्द ऋण देने की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
कौशल विकास मिशन योजना के तहत जिले में चार हजार से अधिक युवाओं ने विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। वहीं जिला उद्योग विभाग ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 250 लोगों को दस ट्रेड में प्रशिक्षण कराया है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद कामगारों को ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए शासन ने फरमान जारी किया है। लेकिन प्रशिक्षण लेने के बाद ज्यादातर लोगों ने ऋण के लिए आवेदन नहीं किया। जबकि कुछ लोगों ने आवेदन किया तो तमाम अड़चनों के चलते बैंकों की ओर से ऋण मंजूरी में देरी होने लगी। वैसे शासन के सख्ती के बाद बैंकों की ओर से लाभार्थियों को ऋण देने की प्रक्रिया को काफी सरल बना दिया गया। बाद में केसीसी, मुद्रा योजना, पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम, ओडीओपी, खादी ग्रामोद्योग, समाज कल्याण, डूडा के स्व निधि योजना के तहत ऋण दिया जाने लगा। वर्तमान वित्तीय वर्ष में अभी तक 14 हजार लोगों को ऋण आवंटित हो चुका है। जबकि पांच हजार से अधिक और आवेदकों को अगले माह तक ऋण उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है।
कोट........................
जिले में 14 हजार लोगों को विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण आवंटित हुआ है। इसमें केसीसी, मुद्रा योजना, पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम सहित अन्य योजनाएं शामिल है। रोजगार के लिए आवेदन करने वालों को बैंक की ओर से आसान प्रक्रिया के तहत ऋण देने का निर्देश दिया गया है। पीके झा, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक।
रिपोर्ट रविकांत सिंह