पड़ाव। नियामताबाद विकास खंड अंतर्गत भोजपुर गांव में मुख्य संपर्क मार्ग पर सीवर पाइप लाइन बिछाने के लिए एक वर्ष से पाइप रखकर छोड़ दिए जाने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। चेतावनी दी कि यदि जल्द पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को बाध्य होंगे।
गांव से जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए एक वर्ष पहले गांव में सीवर लाइन बिछाने की योजना बनाई गई। इसके लिए धन आवंटित हो गया। ठेकेदार ने सीमेंट की पाइपें भी मंगा ली और मुख्य संपर्क मार्ग पर रख दिया। इसके बाद कोई काम नहीं हुआ। न तो गड्ढे खोदे गए और न ही पाइपों को हटाया गया। रास्ते में पाइप रखे जाने से गांव में आने जाने वालों को परेशानी हो रही है। वहीं सीवर लाइन न बिछाए जाने से जल निकासी की समस्या जस की तस बनी है। ग्रामीणों ने प्रधान के साथ ब्लाक के अधिकारियों से भी गुहार लगाई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द काम शुरू कराने की मांग की है। चेतावनी दी कि ऐसा नहीं किया गया ग्रामीण आंदोलन करेंगे। नारेबाजी करने वालों में संदीप मौर्य, पप्पू सेठ, कल्लु यादव, संजय पटेल, सुंदर खान, सचिन, छोटेलाल, राजकुमार शर्मा, विशाल कसेरा, रमेश, आराधना, कविता, अशोक रावत, सुरेंद्र पटेल, इंद्रजीत पटेल, गंजू पटेल रहे।