नईबाजार। क्षेत्र के जमुनीपुर गांव में एलएंडटी कंपनी की ओर से किए गए अधूरे विद्युतीकरण से नाराज गांव के लोगों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर चेतावनी दी कि यदि समय से विद्युतीकरण पूर्ण नहीं हुआ तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे।
ग्रामीणों का आरोप था कि डेढ़ माह पूर्व कंपनी द्वारा नियुक्त ठेकेदार ने कार्य शुरू किया लेकिन कुछ ही दिनों बाद कार्य बंद करा दिया। ठेकेदार का कहना था कि धान की फसल कटने के बाद कार्य पूर्ण किया जाएगा लेकिन फसल कटने के बाद भी कार्य आरंभ नहीं कराया गया है। बार-बार फोन करने के बाद भी ठेकेदार कार्य पूर्ण कराने नहीं पहुंचा। प्रदर्शनकारियों में चंद्रभान यादव, रोहित सिंह, सियाराम गोंड, बच्चन, खुशहाल, प्रवीण, जालिम, रवि शामिल रहे। ब्यूरो