इलिया। उप जिलाधिकारी दीप्ति देव यादव ने बुधवार को यूपी एग्रो द्वारा संचालित सैदूपुर स्थित धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर ताला लटकता देख एसडीएम बिफर गए। उन्होंने केंद्र बंद होने की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपने के साथ केंद्र प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही।
किसानों ने एसडीएम को सुबह से ही धान क्रय केंद्र बंद होने की सूचना दी थी। किसानों की सूचना को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचे एसडीएम ने क्रय केंद्र पर ताला लटका पाया। इसपरभड़के एसडीएम ने केंद्र प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की बात कही। साथ ही किसानों को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही धान की खरीद प्रारंभ की जाएगी। दो दिन पूर्व आरएफसी आरएस मिश्रा ने भी क्रय केंद्र का निरीक्षण किया था। यहां मात्र 410 बोरी धान की खरीद की गई थी। केंद्र पर बोरा भी उपलब्ध नहीं था। उन्होंने प्रभारी रमाशंकर को तत्काल बोरा उपलब्ध कराने व खरीद प्रारंभ करने की चेतावनी देते हुए केंद्र प्रभारी को तत्काल धान खरीद आरंभ करने का निर्देश दिया था।