चंदौली। बिजली कर्मचारी संघ के सदस्यों की बैठक रविवार को नगर स्थित पावर हाउस परिसर में हुई। इसमें लोगों ने बकाए मानदेय के भुगतान और संगठन के विस्तार पर चर्चा किया। लोगों ने आपसी सहमती के बाद संगठन के अध्यक्ष पद के लिए संदीप कुमार सिंह को मनोनीत किया। साथ ही अपने विभिन्न मांगों को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलने का भी निर्णय लिया। इस दौरान मानदेय न मिलने से नाराज संविदा कर्मचारियों ने कहा कि यदि शीघ्र ही मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो अनिश्चित कालीन हड़ताल करेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने कहा कि संगठन के सदस्यों द्वारा दी गई जिम्मेदारियों को वह पूरे ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। कहा कि पिछले दस माह से संविदा कर्मचारियों का भुगतान लंबित है। ऐसे में वह सदस्यों के सहयोग से अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन करेंगे। इसके लिए जल्द ही बैठक करके आगामी आंदोलन की रणनीति तय किया जाएगा। चेताया कि 14 अक्तूबर तक बिजली विभाग में तैनात संविदा कर्मचारियों का भुगतान नहीं किया गया तो 48 घंटे के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल की शुरुआत होगी। इस दौरान जिले सभी पावर हाउसों पर तैनात कर्मचारी बिजली आपूर्ति को ठप करके एक्सईएन कार्यालयों पर धरना देंगे। बैठक में दलसिंगार यादव, मनोज कुमार सिंह, शिवनारायन राम, बाबुराम यादव, सद्दाम, दरोगा अंसारी, लल्लन, मिथिलेश, सियाराम, रामप्रवेश यादव, रमाशंकर मौर्य, भोजू, दयानंद त्रिपाठी, आजाद, अनिल, रविप्रकाश मौर्य, बबलू मौजूद रहे।