कोई भी सम्मान आगे बढ़ने के लिए कठिन मेहनत करने को प्रेरित करता है। सफलता का कोई शार्ट कट रास्ता नहीं होता है। कड़ी मेहनत, समय और योजनाबद्ध तरीके से किया गया परिश्रम सफलता के शिखर तक पहुंचाता है। सम्मान आप के कदमों को रोकने के लिए नहीं बल्कि आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने और बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को प्रेरणा का द्योतक है। शनिवार को अमर उजाला की ओर से नगर पालिका इंटर कॉलेज पीडीडीयू नगर के वीर अब्दुल हमीद सभागार में आयोजित अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों को बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अपनी कक्षा में टाप करने वाले बच्चे समाज के लिए प्रेरणा हैं। इन बच्चों ने दिखाया है कि मेहनत की बदौलत सफलता हासिल की जा सकती है। छात्रों के सफलता में इनके अभिभावकों की मेहनत भी छिपी है। अध्यक्षता करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनोद कुमार राय ने कहा कि सफलता का सम्मान होना चाहिए। अमर उजाला फाउंडेशन का यह प्रयास अन्य बच्चों के लिए प्रेरणादाई बनेगा। इसके पूर्व दसवीं और बारहवीं के यूपी बोर्ड, सीबीएसई और सीआईसीएसई बोर्ड परीक्षा 2018 में जिले में परचम फहराने वाले टापरों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। डीएम के हाथों सम्मान पाकर मेधावियों और अभिभावकों के चेहरे खिले नजर आए। मुख्य अतिथि डीएम नवनीत सिंह चहल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर और दीप जला कर समारोह की शुरूआत की। 12वीं की प्रियंका और निवेदिता ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। संचालन जीडी मिश्र ने जबकि धन्यवाद ज्ञापन नगर पालिका इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. महेन्द्र कुमार पांडेय ने किया।
01.छात्रों को उत्साहित करने के लिए संस्था को प्रत्येक वर्ष इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करना चाहिए। अमर उजाला के इस आयोजन से अन्य छात्र भी प्रेरित होंगे। आफरी सबा
02. इस तरह के कार्यक्रम व्यापक स्तर पर होने चाहिए। इसमें जिले के अधिकतम छात्रों की भागीदारी होनी चाहिए, ताकि अन्य छात्रों में भी सम्मान प्राप्त करने की इच्छा बढ़े। गोविंद यादव
3. टाप करना अलग अनुभूति प्रदान करता है। टापरों का सम्मान इनके सपनों को नई मंजिल का रास्ता दिखाता है। अमर उजाला के इस प्रयास से हम लोगों में उत्साह का नया संचार हुआ है। देबलीना दास
04. इस तरह के कार्यक्रमों से छात्रों को नई प्रेरणा मिलती है। डीएम सहित अन्य अधिकारियों और गुरुजनों के विचारों ने मेहनत की नई राह दिखाई। अमर उजाला का प्रयास सराहनीय है। अभिनव
05. भविष्य ज्योति सम्मान समारोह छात्रों के लिए नए रास्ते गढ़ रहा है। इससे छात्र अपने क्षेत्र में सफल लोगों से रूबरू होंगे और साक्षात्कार के माध्यम से नई सीख मिलेगी। प्रियल
06. अमर उजाला से मिला सम्मान जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। हम लोगों को मिला सम्मान भविष्य में बोर्ड परीक्षा में बैठने वाले परीक्षार्थियों में नया जोश भरेगा। शुभम केसरी
07. किसी तरह की शाबासी अथवा सम्मान छात्रों नई प्रेरणा देता है। अमर उजाला की ओर से इतने भव्य कार्यक्रम में सम्मान पाना किसी के लिए गौरव की बात होगी। यास्मिन
08. संस्था की ओर से इस तरह पहल काफी सराहनीय है। इससे छात्रों का उत्साहवर्धन होगा और जीवन में और अच्छा करने का प्रयास करेंगे। अब्दुल कादिर अंसारी