चंदौली। परीक्षकों के अभाव में यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट गृह विज्ञान विषय की उत्तर पुस्तिकाओं का बंडल नहीं खुल सका है। महेंद्र टेक्निकल कालेज स्थित मूल्यांकन केंद्र पर आवंटित छह हजार कापियों को बोर्ड को वापस भेजने की तैयारी की जा रही है। उप नियंत्रक ने सचिव और जिला विद्यालय निरीक्षक को समस्या से अवगत करा दिया है। वहीं दूसरी तरफ हाईस्कूल और इंटर की 27 हजार 479 कापियां जांची गईं।
जिला मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में 12वीं की 16 हजार कापियां जांची गईं। वहीं नगर पालिका इंटर कालेज मुगलसराय में हाईस्कूल की 6579 और आदित्यनारायण राजकीय इंटर कालेज चकिया में करीब 4900 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र पर गृह विज्ञान विषय के कापियों के मूल्यांकन का कार्य शुरू नहीं हो सका है। केंद्र पर गृह विज्ञान विषय का कोई परीक्षक नहीं है। बोर्ड की तरफ से वित्तविहीन शिक्षकों को इस विषय के लिए डिप्टी हेड और परीक्षक नियुक्त किया गया था। लेकिन शिक्षकों के मूल्यांकन बहिष्कार की वजह से कापियों का मूल्यांकन अधर में लटका हुआ है। उपनियंत्रक डा. रामचंद्र शुक्ल ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद सचिव व जिला विद्यालय निरीक्षक को अवगत करा दिया गया है कि परीक्षक नहीं मिल पाए तो बगैर मूल्यांकन के ही कापियां बोर्ड को वापस लौटा दी जाएंगी।
इनसेट.........
मै गरीब हूं प्लीज पास कर दीजिए
चंदौली। बोर्ड परीक्षा में पास होने के लिए परीक्षार्थियों ने कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। मूल्यांकन के दौरान कई ऐसी कापियां मिल रहीं हैं जिससे परीक्षकों का सिर भी चकरा जा रहा है। महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज स्थित मूल्यांकन केंद्र पर जीव विज्ञान विषय की एक उत्तर पुस्तिका में परीक्षार्थी ने प्रश्नों का उत्तर लिखने की बजाए पास करने के गुहार लगा दी। पहले जै श्री राम लिखा फिर अपनी पारिवारिक स्थिति का वर्णन करते हुए पास करने की गुजारिश की।