मुगलसराय। वाराणसी से बोधगया जाते समय महाबोधि एक्सप्रेस में सवार विदेशी महिला यात्री की तबियत खराब हो गई। ट्रेन के मुगलसराय पहुंचने पर आरपीएफ के जवानों ने विदेशी महिला यात्री को उतार कर इलाज के लिए रेलवे के मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के बाद महिला को दूसरे ट्रेन से गया भेजा गया।
यूरोपीय देश के इस्टोनिया निवासी अलिशा टंग (25) अपने पति मेरक्यूरीव देमित्री के साथ भारत भ्रमण पर आई है। गुरुवार को दोनों वाराणसी से राजगीर जाने वाले डाउन बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस ट्रेन में गया जाने के लिए सवार हुए। इसी बीच अलिशा टंग की तबियत खराब होने लगी। तेज बुखार की वजह से हालत खराब हो गई। कंट्रोल की सूचना पर आरपीएफ के एसआई जीएस राणा और एएसआई आरके चंद की टीम ने इसकी सूचना डिप्टी एसएस और पूर्व मध्य रेलवे मंडलीय लोको चिकित्सालय की टीम को दी। विदेशी के बीमार होने की खबर होते ही सभी सतर्क हो गए। रात में ट्रेन के मुगलसराय पहुंचने पर विदेशी दंपती को ट्रेन से उतारा गया और महिला को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। यहां आईसीयू में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद शुक्रवार को चिकित्सकों ने महिला को छूट्टी दे दी। इसके बाद विदेशी दंपती को अजमेर सियालदह एक्सप्रेस से गया के लिए रवाना किया गया।