नियामताबाद (ब्यूरो) । अलीनगर थाना क्षेत्र के बिलारीडीह के समीप हाईवे पर शनिवार की शाम बस व टैंकर की जोरदार टक्कर में बस चालक, परिचालक सहित चार लोग घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहीं टैंकर चालक को हिरासत में लेने बाद वाहन को कब्जे में ले लिया। इस टक्कर में बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी।
मोहनियां से सवारी लेकर एक बस शनिवार की शाम वाराणसी की ओर जा रही थी। बिलारीडीह के समीप एक टैंकर रोड पार कर रहा था। इस बीच तेज रफ्तार से आ रही बस से टैंकर की जोरदार टक्कर हो गई। घटना होते देख आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन लोगों ने बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी तत्काल मौके पर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने घायलों को तत्काल निजी चिकित्सालय में भर्ती करवाया। साथ ही चालक व टैंकर को हिरासत में ले लिया। घायलों में चालक दाऊद पंडित 52 वर्ष, परिचालक जंग बहादुर 55 वर्ष व यात्री रिंकू प्रजापति 35 वर्ष और सुशील 22 वर्ष शामिल हैं। सीओ सदर त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि सभी घायल मोहनियां, बिहार के बताए जा रहे हैं।