चंदौली। विधानसभा निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण के लिए रविवार को जिले में बूथों पर विशेष अभियान चलाया गया। नए मतदाता बनने के लिए 13895 लोगों ने बीएलओ के यहां आवेदन किया। जबकि 1879 मृतकों और दूसरे स्थान पर गये लोगों के नाम काटने के लिए आवेदन आए। 162 लोगों ने सूची में दर्ज नाम-पता संशोधित कराने के लिए आवेदन किया।
मुगलसराय विधानसभा में 3462 ने प्रारूप छह के तहत नए मतदाताओं ने आवेदन किया। वहीं 576 ने प्रारूप सात से तहत आवेदन किया। प्रारूप आठ के तहत 28 लोगों ने आवेदन किया। इसी तरह सकलडीहा विधानसभा में 3257 ने प्रारूप छह, 486 ने प्रारूप सात और 71 ने प्रारूप आठ के तहत आवेदन किया। सैयदराजा विधानसभा में 2842 ने प्रारूप छह, 263 ने प्रारूप सात और 47 ने प्रारूप आठ का फार्म भरा। चकिया विधानसभा में 3634 ने प्रारूप छह, 672 ने प्रारूप सात और 16 ने प्रारूप आठ का फार्म भरा। बीएलओ सुबह 10 से शाम चार बजे तक बूथों पर उपस्थित रहे। नए युवाओं का नाम सूची में शामिल करने के लिए फार्म भरवाया। वहीं नाम काटने और संशोधन के लिए भी आवेदन आए। बीएलओ की ओर से निर्वाचन दफ्तर और तहसील मुख्यालयों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग के आदेश पर विशेष अभियान चलाया गया है। बूथों से गायब बीएलओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चंदौली। मुगलसराय विधायक साधना सिंह ने रविवार को जिले के कई बूथों का निरीक्षण करके मतदता पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का हाल जाना। लेकिन मद्धुपर, जगदीशसराय सहित कई बूथों पर बीएलओ मौजूद नहीं रहे। इसपर विधायक ने तहसीलदार शैलेंद्र कुमार से नाराजगी व्यक्त की। कहा कि आयोग के निर्देश के बाद भी जिले में मतदाता पुनरीक्षण कार्य गुणवत्ता पूर्वक नहीं हो रहा है। इसके बाद उन्होने लोगों से नए मतदताओं के आवेदन को बीएलओ के माध्यम से जमा कराने की अपील की। इस दौरान विजय शंकर पांडेय, दिलीप सोनकर, राघवेंद्र प्रताप सिंह, यशवंत सिंह, संजय गुप्ता, पंकज ओझा, राजेश मोदनवाल, संदीप गुप्ता मौजूद रहे।