चंदौली, चकिया और बरहनी विकास खंड में होने वाले तृतीय चरण के मतदान के लिए
नामांकन के प्रथम दिन मंगलवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य की 277 सीटों के
लिए 1247 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया।
इस दौरान
प्रत्याशी अपने समर्थको के साथ जुलूस की शक्ल में विकास खंड कार्यालयों पर
पहुंचे। इससे तीनों ब्लाक मुख्यालयों पर शाम पांच बजे तक काफी भीड़भाड़
रही।
चंदौली, चकिया व बरहनी विकास खंड में क्षेत्र पंचायत व जिला
पंचायत का चुनाव तीसरे चरण में होगा। इसके लिए मंगलवार से नामांकन की
प्रक्रिया शुरू हो गई।
नामांकन के पहले दिन क्षेत्र पंचायत के लिए तीनों
विकास खंडों से कुल 1247 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। इसमें चंदौली
विकास खंड की क्षेत्र पंचायत की 98 सीटों पर 483 प्रत्याशियों ने नामांकन
पत्र दाखिल किया तो चकिया विकास खंड की 88 सीटों पर 414 प्रत्याशियों ने
पर्चा दाखिल किया।
लालपुर से संतशरण सिंह, दिरेहूं से सुधाकर कुशवाहा,
दूबेपुर से टिंकू दूबे, पचवनियां से विनोद सहित तमाम लोगों ने नामांकन
किया। वहीं बरहनी विकास खंड की 91 सीटों पर 350 प्रत्याशियों ने नामांकन
दाखिल कर अपना दावा ठोका।
नामांकन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के
लिए विकास खंड कार्यालयों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। प्रत्याशियों
के साथ सिर्फ उनके प्रस्तावक को ही परिसर के अंदर जाने की अनुमति दी जा
रही थी।
उधर, चंदौली, चकिया व बरहनी विकास खंड की जिला पंचायत की 11 सीटों
के लिए नामांकन के पहले दिन मंगलवार को 134 प्रत्याशियों ने जिला मुख्यालय
पहुंचकर पर्चा दाखिल किया। पहले दिन तीनों विकास खंड क्षेत्रों से 134
प्रत्याशियों ने नामांकन किया।