सकलडीहा। स्थानीय तिराहे पर लगी डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समीप कूड़ादान रखे जाने से कस्बा के लोगों में नाराजगी है। शनिवार को प्रतिमा के संस्थापक रामराज राजभर के नेतृत्व में कस्बा के लोगों ने नाराजगी जताते हुए वहां से कूड़ादान हटाने की मांग की है। साथ ही शीघ्र कूड़ादान हटाए नहीं जाने पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
तिराहे पर वर्ष 1995 में पूर्व प्रधान रामराज राजभर की देखरेख में डा. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसके बाद से ही जनप्रतिनिधियों सहित उनके अनुयायी विभिन्न अवसरों पर प्रतिमा पर माल्यार्पण करते आ रहे हैं। कुछ दिनों पूर्व प्रतिमा के समीप कूड़ादान रखवा दिया गया है। इससे हमेशा प्रतिमा के समीप कूड़े का अंबार लगा रहता है। जिससे लोगों ने नाराजगी जताई है। लोगों ने जिला प्रशासन से शीघ्र प्रतिमा के समीप से कूड़ादान हटाने और साफ-सफाई कराने की मांग की है। बीडीओ गुलाब चंद्र सोनकर ने बताया कि मौके पर सफाईकर्मियों को भेजकर ग्राम प्रधान के माध्यम से साफ सफाई कराने व कूड़ादान हटाने का निर्देश दे दिया गया है।