चहनिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिकरौरा गाव के पास खंभे पर चढ़कर कार्य कर रहा संविदाकर्मी करेंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। खंभे से जमीन पर गिरकर छटपटा रहे लाइनमैन को ग्रामीण स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
कैलावर निवासी लाइन मैन शिवमोहन विश्वकर्मा (55) मथेला फीडर का शटडाउन लेकर कार्य करने खंभे पर चढ़ा था। ग्रामीणों ने बताया कि पावर हाउस के कर्मचारियों ने मथेला की जगह महुअर फीडर को शटडाउन दे दिया जिससे यह घटना घटी। विभागीय कर्मचारियों की इस घोर लापरवाही से अन्य संविदाकर्मियों में गुस्साहै। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से घायल लाइनमैन का समुचित इलाज कराने व अहेतुक सहायता राशि देने की मांग की है। एसडीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घायल संविदाकर्मी महुअरकला फीडर से संबद्ध है। उसके मथेला फीडर का शटडाउन मांगने पर पावर हाउस के कर्मचारियों ने महुअरकला फीडर का शटडाउन दे दिया जिससे दुर्घटना घटी। वैसे घायल संविदाकर्मी को अभी होश नहीं आया है। होश में आने के बाद उसके बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।