खराब मिली स्टेशन पर लगे वाटर वेंडिंग मशीनें
स्टेशन निदेशक ने की जांच
कहीं मशीन खराब तो कहीं आपरेटर मिले गायब
अमर उजाला ब्यूरो
पीडीडीयू नगर। यात्रियों को शुद्ध पेयजल सस्ते दाम पर उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन पर लगाए गए वाटरवेंडिंग मशीन ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। मनमाने ढंग से इन मशीनों का संचालन किया जा रहा है। इससे यात्रियों को शुद्ध पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। सोमवार को स्टेशन निदेशक हिमांशु शुक्ला ने वाटर वेंडिंग मशीनों की जांच की। इसमें तमाम अनियमितताएं मिली। इस पर कंपनी पर पचास हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
हावड़ा दिल्ली रूट पर अति व्यस्त स्थानीय रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन करीब बीस हजार यात्री आवागमन करते हैं। यात्रियों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पिछले वर्ष स्टेशन पर वाटर वेंडिंग मशीन लगाई गई। इसके संचालन की जिम्मेदारी मेघदूत मीडिया एंड मार्केंटिंग को सौंपा गया है। आठ प्लेटफार्म पर कुल 12 वेंडिंग मशीन लगाई गई है। यहां लगातार अनियमितता की शिकायत मिल रही है। इसके मद्देनजर सोमवार को स्टेशन निदेशक हिमांशु शुक्ला ने अधिकारियों की टीम के साथ सभी वेंडिंग मशीन की जांच पड़ताल की। इसमें अधिकांश मशीन काम करते नहीं मिले, वहीं कई मशीनों पर आपरेटर नहीं मिले। मशीन के पानी की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट भी नहीं मिली। इस पर स्टेशन निदेशक ने पंद्रह बिंदुओं की आख्या रिपोर्ट बनाकर कंपनी पर पचास हजार रुपये का जुर्माना लगाया है और रिपोर्ट की प्रति सीसीएम, सीनियर डीसीएम, डीआरएम और एडीआरएम को भेजी है।