चकिया। विकास खंड के केराडीह गांव में ब्लाक द्वारा चल रही योजनाओं का निरीक्षण करने पहुंचे ब्लाक प्रमुख शिवेन्द्र प्रताप सिंह का आवास आवंटन सूची से नाम काटने पर प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों ने घेराव कर नारेबाजी की। ब्लाक प्रमुख ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
केराडीह गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना में 52 लाभार्थियों में से लक्ष्य के सापेक्ष 13 लाभार्थियों के आवास आवंटित हुए थे। आवास के लाभार्थियों की पात्रता की जांच में 10 आवास के लाभार्थियों का नाम पात्रता सूची से काट दिया गया। केवल 3 लाभार्थी विशुन, रामभजन और मुन्नी देवी को आवास आवंटित किया गया। इससे नाराज लोगों ने ब्लाक प्रमुख का घेराव कर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों द्वारा उनका आवास काटकर दूसरे गांव में आवंटित कर दिया गया है। इस पर ब्लाक प्रमुख ने ग्रामीणों को उच्चाधिकारियों से वार्ता कर आवास के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। इस दौरान लक्ष्मन, हीरालाल, राजेश, संजय, श्रवण, भगवानी, सीता, राधिका, मालती, रामवृक्ष, रामआसरे, गौरी, निर्मला, जशोदा, भरत यादव, रामजनम, रमेश, किशुन, शिवजतन, पवन मौजूद रहे।