चंदौली। धुस साधन सहकारी समिति पर किसानों को अधिक दाम में खाद बेचने वाले सचिव रामभजन मौर्य को सहायक निबंधक सोमी सिंह ने गुरुवार को कार्य मुक्त करते हुए उनसे सभी चार्ज वापस ले लिया है। साथ उसके निलंबन के लिए प्रस्ताव बनाकर प्रबंध समिति से संस्तुति किया है। वहीं साधन सहकारी समिति संघति के सचिव लालबचन यादव को धुस सोसायटी का जार्च सौंपा गया है। बताया कि जांच के दौरान सचिव को दोषी पाया गया था। जिसके बाद कार्रवाई की गई है।
कुछ दिन पूर्व में सकलडीहा विकास खंड के धुस साधन सहकारी समिति पर तैनात सचिव रामभजन मौर्य और कुछ किसानों से डीएपी के दाम को लेकर विवाद हुआ था। वहीं विवाद के दौरान वहां मौजूद लोगों ने सचिव के कृत्य को अपने मोबाइल में कैद कर लिया था। वीडियो में सचिव द्वारा खाद के तय रेट 1290 रुपये बोरी की बजाए 1305 रूपये प्रति बोरी लेने की बात सामने आई थी। किसानों की लिखित शिकायत के बाद सहायक निबंधक सोमी सिंह ने एडीओ सुधीर राय और अभिषेक को मौके पर भेज किसानों और सचिव का बयान भी दर्ज कराया गया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर सहायक निबंधक सोमी सिंह ने गुरुवार को उक्त सहकारी समिति सचिव को कार्यमुक्त करते हुए सभी अधिकार वापस ले लिए गए हैं और निलंबन के लिए प्रस्ताव बनाकर प्रबंध समिति के पास भेज दिया गया है। वहीं साधन सहकारी समिति संघति के सचिव लालबचन यादव को धुस सोसाइटी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
कोट.....
धुस सहकारी समिति पर ऊंचे दाम पर खाद बेचने के मामले की जांच कराने के बाद वहां तैनात सचिव रामभजन मौर्य की लापरवाही उजागर हुई है। सचिव को कार्यमुक्त करते हुए उसके निलंबन के लिए बोर्ड को प्रस्ताव भेज दिया गया है। कार्य में लापरवाही और किसानों के साथ सही बर्ताव नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई है। सोमी सिंह, सहायक निबंधक चंदौली।