कंदवा। सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगने वाला जाम लोगों के लिए नासूर बन गया है। आलम यह है कि तीन दिनों से सड़क की दोनों पटरियों पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। कुछ देर छूटने के बाद जाम की स्थिति फिर से वैसी ही हो जा रही है। शनिवार को भी सड़क पर वाहनों की कतार लगी रही और लगभग 25 किमी तक लगे जाम में फंसकर बेबस राहगीर परेशान रहे। तकरीबन 18 घंटे तक जाम लगा रहा।
गाजीपुर-जमानियां बार्डर पर नो इंट्री के चलते बड़े वाहनों को गाजीपुर में घुसने नहीं दिया जा रहा है इससे जाम की स्थिति और खराब हो जा रही है। इस मार्ग पर सुबह पांच बजे से रात नौ बजे तक नो इंट्री है। रात में नो इंट्री खुलने के बाद वाहनों को छोड़ा जा रहा है लेकिन सुबह पांच बजे फिर गाजीपुर बार्डर पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी जा रही है। इससे स्थिति और खराब हो जा रही है। सुबह बारिश होने से भी वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। सभी वाहनों में बैठकर जाम के खुलने का इंतजार करते रहे। कई सवारी वाहनों के चालक गांवों के लिंक रोड से गंतव्य की ओर रवाना हुए। सीओ त्रिपुरारी पांडेय का कहना है कि जाम की समस्या से निबटने के लिए गाजीपुर पुलिस प्रशासन से भी वार्ता की जा रही है। ताकि इस दिक्कत को दूर किया जा सके।