जनपद में सूदखोरों के बढ़ रहे आतंक पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रूख अपना लिया है। एसपी ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कोई भी व्यक्ति जो की सूदखोरों से परेशान है वह कार्यालय में आकर उनसे मिले और उसके बाबत साक्ष्य प्रस्तुत करे। जिसपर तत्काल कार्रवाई कार्यवाही की जाएगी। कहा कि इसमें आवश्यकता पड़ने पर गैंगस्टर तक की कार्यवाही होगी। दरअसल यह फरमान पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने सूदखोरों से परेशान महिला द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रार्थना पत्र की कार्यवाही के बाद सुनाया है।
मंगलवार को जारी विज्ञप्ति में एसपी ने बताया कि अलीनगर थाना क्षेत्र के कठौरी ग्राम निवासिनी खुशबू शर्मा ने प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करके बताया कि उसके पति ने कुछ व्यक्तियों से एक बार 15 लाख रुपए और दुबारा 11 लाख रुपए लिया था। जिसके बाद उसके पति ने पुश्तैनी जमीन बेच कर उन्हें 80 लाख रुपए अदा कर दिया। इतना रुपए दिए जाने के बाद भी उन लोगो द्वारा रुपए को सूद बताकर और अधिक रुपयों की मांग की जा रही है। बताया कि सूदखोरों से पूरा परिवार डरा सहमा है वहीं उनके डर से उसके पति घर से भाग गए हैं। प्रार्थना पत्र पर कार्यवाही करते हुए एसपी ने आरोपितों के विरूद्घ अलीनगर थाने में अभियोग पंजीकृत करने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस ने कहा कि कोई भी व्यक्ति जो की सूदखोरों से परेशान है वह कार्यालय में आकर उनसे मिले और उसके बाबत साक्ष्य प्रस्तुत करें। बताया कि आवश्यकता पड़ने पर गैंगस्टर तक की कार्यवाही की जाएगी।