संवाद न्यूज एजेंसी पीडीडीयू नगर। इन दिनों पड़ाव चौराहे से गोधना मोड़ तक सिक्स और फोर लेन का निर्माण किया जा रहा है। सड़क निर्माण में विद्युत निगम के मुगलसराय डिवीजन के 25 ट्रांसफाॅर्मर बाधा आ रही थी जिन्हें अन्यत्र शिफ्ट किया जा रहा है। अब तक 12 इन ट्रांसफाॅर्मरो को शिफ्ट किया जा चुका है।
डिविजन के अधिकारियों का दावा है कि शीघ्र शेष ट्रांसफाॅर्मरो को भी शिफ्ट कर दिया जाएगा। जिले में करीब 328.28 करोड़ रुपये से 14 किलोमीटर तक सिक्स व फोरलेन का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण के तहत आने वाले बिजली के ट्रांसफाॅर्मरों को हटाने की जिम्मेदारी विद्युत निगम को सौंपी गई है जबकि खंभे व तार कार्यदायी संस्था हटाएगी। जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की ओर से जमीन उपलब्ध कराने के बाद विद्युत निगम लेन की जद में आ रहे ट्रांसफाॅर्मरों को अन्यत्र समीप ही शिफ्ट कर रहा है।
इसके अलावा जर्जर तार भी बदले जा रहे हैं। इस दोनों कार्यों के लिए विद्युत निगम की ओर से घंटों बिजली कटौती भी की जा रही है। अब तक मुगलसराय डिविजन की ओर से लेन की जद में आ रहे 12 ट्रांसफाॅर्मरों को शिफ्ट किया जा चुका है जबकि 13 को शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है।