पीडीडीयू नगर। पूर्व मध्य रेलवे प्लांट डिपो इंस्टीट्यूट के प्रबंध समिति का चुनाव बृहस्पतिवार को होगा। इसकी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। प्लांट डिपो में बने दो बूथों पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक 1188 कर्मचारी मतदान करेंगे। मतगणना के बाद विजेता पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी।
प्लांट डिपो इंस्टीट्यूट प्रबंध समिति की कार्यकारिणी के चुनाव के लिए 23 जनवरी को अधिसूचना जारी गई थी। प्रबंध समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की संख्या 10 होगी। इसमें एक स्टैंडिंग सदस्य मान्यता प्राप्त यूनियन के शाखा मंत्री एवं प्रशासन की ओर से दो सदस्य मनोनीत किए जाएंगे। चुनाव कराने के लिए वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी राजीव कुमार सिंह को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। एक उपचेयरमैन, एक सचिव, एक संयुक्त सचिव, एक कोषाध्यक्ष और तीन सदस्य चुनने के लिए चुनाव होगा। चुनाव के लिए दो बूथ बनाए गए हैं। बूथ संख्या एक पीडी पर कुल 379 कर्मचारी मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बूथ संख्या 2 ब्रिज ट्रेनिंग स्कूल में 809 ट्रैक मशीन कर्मचारी मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मतदान केंद्र एक पर पीठासीन अधिकारी श्रीकांत मंडल, मतदान अधिकारी प्रवीण कुमार कुशवाहा, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव एवं सहायक के रूप में नुरूद्दीन की तैनाती की गई है। बूथ संख्या दो पर पीठासीन अधिकारी डोमन कंडूलना मतदान अधिकारी होंगे। मतदान अधिकारी शिवम उपाध्याय, राकेश कुमार एवं सहायक के रूप में रंजीत कुमार की तैनाती की गई है। मतगणना के लिए कृष्ण मोहन चौधरी, बिजेंद्र कुमार यादव, राकेश कुमार गुप्ता, सुबोध कुमार, राम प्रवेश यादव, दिलीप कुमार शर्मा, संजय कनौजिया एवं सुनील कुमार की तैनाती की गई है।