सकलडीहा । जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी बच्चालाल ने लेखपालों को बस्ता जमा करने का निर्देश दिया है। सोमवार को एसडीएम आशीष कुमार ने हड़तालरत लेखपालों को बस्ता जमा न करने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराए जाने की चेतावनी दी है।
बीते कई दिनों से लेखपाल अपनी आठ सूत्री मांगों के समर्थन में कलमबंद बहिष्कार पर चल रहे हैं। इस कारण लोगों को आय, जाति, निवास सहित अन्य प्रमाण पत्र बनवाने को भटकना पड़ रहा है। सूत्रों की माने तो करीब 35 सौ प्रमाण पत्र रुके पड़े हैं। स्कूल खुलने के बाद छात्रों की परेशानी देख डीएम के निर्देश पर एसडीएम ने सभी लेखपालों को बस्ता जमा करने का निर्देश दिया है। एसडीएम आशीष सिंह ने बताया कि जनहित से बड़ा कोई कार्य नहीं है। जनहित के कार्य प्रभावित होने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।ब्यूरो