मुगलसराय। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के बैनरतले रेलकर्मियों की समस्या को लेकर नगर के पावर हाउस और प्लांट डिपो इंजीनियरिंग कारखाना के मेन गेट पर गेट पर बैठक की। इस दौरान कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की। चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर कर्मचारी आर पार की लड़ाई लड़ेंगे। इस दौरान कर्मचारियों से 15 फरवरी को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया गया।
सभा में बीबी पासवान ने कहा कि भारत सरकार और रेल मंत्रालय कर्मचारियों के लंबित मांगों को पूरा करने में हीलाहवाली कर रही है। नई पेंशन स्कीम बंद करने, सातवें वेतन आयोग की न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये करने की मांग की जा रही। शाखा मंत्री शंकर प्रसाद ने कहा कि प्लांट डिपो में सड़क की स्थिति दयनीय है। आवासों की स्थिति भी जर्जर है। कालोनियों में कूड़े का अंबार लगा हुआ है। बिजली बिल में मनमानी कटौती की जा रही है। भइया लाल ने रेल कर्मचारियों से 15 फरवरी को डीआरएम आफिस पर होने वाले प्रदर्शन में भाग लेने का आह्वान किया। गेट मीटिंग में एसपी सिंह, एके उपाध्याय, शोभनाथ सिंह, दिनकर पांडेय, मोहनराम, श्रीराम सिंह, नन्हें अंसारी, रामचंद्र यादव, संजय कुमार, सुधीर कुमार, दयाशंकर सिंह, मुकेश पासवान, प्रभात कुमार, नंदलाल, ऋषिकेश यादव, एसएस यादव, जीवनाथ यादव, के संतोषी लक्ष्मी, सुनील कुमार आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता राज कुमार यादव ने की।