मुगलसराय। मौसम में तल्खी ने जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। हालत यह है कि उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हो उठे हैं। पारा भी ऊपर भागने लगा है। बुधवार को तापमान अधिकतम 35 तो न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा। लोग गर्मी से कम उमस से ज्यादा बेचैन रहे।
बारिश का मौसम होने के बावजूद अब गर्मी लोगों के बर्दाश्त के बाहर हो रही है। मंगलवार की शाम हुई बारिश ने मौसम खुशगवार कर दिया था लेकिन बुधवार को गर्मी बढ़ने के साथ ही उमस भी बढ़ गई। नगर के न्यू महाल स्थित कूड़ा घर के पास इकट्ठे कूड़े से निकल रहे दुर्गंध ने लोगों को परेशान कर रखा। वहां से गुजरने वाला हर शख्स नाक पर कपड़ा रखकर ही निकल रहा था। आनंद नगर निवासी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि काली महाल चौराहे से सब्जी मंडी तक जगह-जगह गंदगी का अंबार रहा जिससे लोगों को दुर्गंध के बीच से गुजरना पड़ा। कसाब महाल निवासी नसीम ने बताया कि बुधवार को नगर पालिका कर्मियों द्वारा यहां पर सफाई की गई जिससे स्थिति सांस लेने लायक रही वरना दुर्गंध से कई लोग बीमार हो जाते। लाट नंबर दो निवासी मनोहर गुप्ता ने बताया कि गर्मी में सभी को बेचैन कर दिया है लेकिन नगर के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर नगर पालिका कर्मियों द्वारा नियमित सफाई नहीं किए जाने से संक्रामक बीमारियों के फैलने की संभावना प्रबल है। नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।
मुगलसराय (ब्यूरो)। नगर के वरिष्ठ चिकित्सक डा. राजीव के अुनसार बारिश के मौसम में संक्रामक बीमारियों की संभावना प्रबल हो जाती है। ऐसे में रोगों से बचाव जरूरी हो जाता है। मच्छर जनित रोगों की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में बचाव ही सर्वोत्तम उपाय है। अगर कोई भी व्यक्ति को बुखार महसूस हो तो तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें और खून की जांच करवाएं। मलेरिया या टाइफाइड की शिकायत आम है। दवा के प्रयोग से इस पर शीघ्र ही नियंत्रण किया जा सकता है। कुुछ विशेष बातों पर ध्यान रखें तो लोग काफी हद तक बीमारियों से बच सकते हैं।
- बाजार मे बिक रहे खुले खाद्य पदार्थ का सेवन कदापि न करें।
-काटकर रखे गए फलों का सेवन बिल्कुल न करें।
-खाद्य पदार्थों को खुला न रखें। पूरी तरह ढंककर सुरक्षित रखें।
-पानी को उबालकर ठंडा कर लें। ठंडे पानी को ढंककर रख लें और उसी का सेवन करें।
- बाहर के तले वस्तुओं के सेवन से बचें।